पांच दिवसीय टूर्नामेंट का भव्य आगाज,उद्घाटन मुकाबले में सुकुरहुटू की टीम ने मारी बाजी

बुढ़मू :  सोसई नगड़ू मैदान में मंगलवार को पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों का उत्साह देखते ही बना। मैदान में फुटबॉल के रोमांच के साथ पूरा माहौल जोश और उमंग से सराबोर रहा।

टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रमुख सत्यनारायण मुंडा, प्रधानाचार्य अंजू टोप्पो, पत्रकार सुदीप सिंह, समाजसेवी सनोज यादव, पूर्व मुखिया रामदेव पाहन, बीपीआरओ नील कुमार, कनीय अभियंता शाहबाज आलम एवं शिक्षक जैनेन्द्र यादव सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका हौसला बढ़ाया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
पहले ही मुकाबले में दिखा रोमांच
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला एलेवन स्टार सत कर्णांदु और प्रकाश स्पोर्टिंग क्लब सुकुरहुटू के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने गोल के लिए कई बेहतरीन प्रयास किए, जिससे दर्शकों में रोमांच बना रहा।
हालांकि, प्रकाश स्पोर्टिंग क्लब सुकुरहुटू के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत की और अंततः 2-0 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में शानदार आगाज किया।
मैच देखने के लिए मैदान में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। पांच दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय युवाओं और फुटबॉल प्रेमियों में खासा उत्साह है। आने वाले मुकाबलों में भी रोमांचक भिड़ंत देखने की उम्मीद है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.