हर-हर महादेव के जयघोष के साथ चारधाम को रवाना हुआ रांची का जत्था
रांची : आस्था, श्रद्धा और भक्ति से सराबोर माहौल में कैलाश की करुणा, रांची का 14 सदस्यीय जत्था चारधाम यात्रा के लिए रवाना हुआ। यात्रा दल में 8 महिलाएं और 6 पुरुष शामिल हैं। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान कर यात्रा की सफलता एवं मंगलमय होने की कामना की।
केंद्रीय युवा महावीर मंडल, रांची के अध्यक्ष नन्द किशोर सिंह चंदेल एवं कविता वर्मा ने यात्रियों को अंगवस्त्र प्रदान कर विदाई दी। वहीं श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत कैलाशी केशव दास त्यागी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।
कैलाश की करुणा, रांची के मार्गदर्शक एवं झारखंड के प्रसिद्ध वास्तु शास्त्री स्वामी विमलेश कुमार के नेतृत्व में निकला यह जत्था सबसे पहले हरिद्वार पहुंचेगा। यहां गंगा स्नान के साथ मनसा देवी मंदिर, भारत माता मंदिर, कनखल स्थित दक्ष महादेव मंदिर, प्रजापति मंदिर और सती कुंड के दर्शन किए जाएंगे। शाम को श्रद्धालु गंगा आरती में शामिल होकर मां गंगा का आशीर्वाद लेंगे।
इसके बाद यात्रा दल यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के दर्शन करेगा। यात्रा के दौरान तुंगनाथ, उत्तरकाशी विश्वनाथ मंदिर, श्री नीलकंठ महादेव मंदिर और ऋषिकेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे।
12 अक्टूबर को रांची लौटेगा जत्था। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। दल में विरेन्द्र प्रसाद सिंह, धिरेन्द्र कुमार सिंह, दिनेश सिंह, सुनील प्रसाद सिंह, ओमप्रकाश मिश्रा, रीता मिश्रा, रीना देवी, नीलम कुमारी, सुनीता देवी, लखराज देवी, केसर देवी, राधा सिंह एवं मंजू सिंह शामिल हैं।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.