गांधी जयंती पर डीएवी के बच्चों ने निकाली स्वच्छता जागरूकता रैली
बुढ़मू : गांधी जयंती के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल बुढ़मू के विद्यार्थियों ने गुरुवार को स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। रैली में बच्चों ने स्वच्छता से संबंधित नारे लगाए और सड़क पर स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
बुढ़मू में इस तरह की रैली पहली बार देखने को मिली, जिसमें विद्यार्थियों ने अंग्रेजी में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। वहीं छोटे बच्चों और छात्राओं ने अंग्रेजी में कविताओं की शानदार प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरीं।
मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना विद्यालय का उद्देश्य है। उन्होंने बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए स्कूल में मुफ्त नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही।
उप-प्राचार्य कुमार सौरभ ने विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डीएवी केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि बच्चों को अनुशासित, संस्कारी और जिम्मेदार नागरिक बनाने का भी कार्य करता है। उन्होंने कहा कि अनुशासन सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं स्कूल परिवार के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.