भांटबोडया में धूमधाम से मना विजयादशमी, रावण दहन के बाद रातभर झूमे दर्शक

ठाकुरगांव : थाना क्षेत्र के भांटबोडया गांव में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मां शारदीय दुर्गा पूजा समिति की ओर से मंगलवार की शाम भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों की भीड़ उमड़ी।

रावण दहन कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वामी देवेंद्र प्रकाश और ठाकुरगांव थाना प्रभारी शुभम कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से रावण के पुतले का दहन किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र उत्सवी माहौल में सराबोर रहा।
रावण दहन के बाद रात में नागपुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन आजसू के कार्यकारी अध्यक्ष हकीम अंसारी, जिला परिषद सदस्य मनोज वाजपेयी और मुखिया दशरथ उरांव ने संयुक्त रूप से किया। नागपुरी गीत-संगीत और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। लोगों ने पूरी रात कार्यक्रम का आनंद लिया और कलाकारों की प्रस्तुतियों पर खूब उत्साह दिखाया।

"विधि-विधान से हुई प्रतिमा विसर्जन"

बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में दुर्गा पूजा का उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में समिति के लाल अमन शाहदेव, जयकुमार साहु, सुभाष पुरी, सूरज महतो, शिबू ठाकुर, रामकृष्ण महतो सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठाकुरगांव थाना की पुलिस टीम तैनात रही। ग्रामीणों के सहयोग से पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.