मधुसूदन साहू को मिला झारखंड सेवा रत्नअवार्ड-2026, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए हुए सम्मानित।।
बुढ़मू : राजीव गांधी हाई स्कूल, बुढ़मू के प्रधानाध्यापक मधुसूदन साहू को शिक्षा के क्षेत्र में उनके सराहनीय योगदान के लिए झारखंड सेवा रत्न अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को रांची के धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
समारोह के दौरान झारखंड की राज्यपाल रोशनी खलखो ने मधुसूदन साहू को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष के शुभकामना संदेश के साथ झारखंड सरकार के मंत्री एवं विधानसभा की अनुश्रवण समिति के पूर्व अध्यक्ष सी. पी. सिंह ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर विश्व सेवा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. बी. बी. राज ने प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।
प्रधानाध्यापक मधुसूदन साहू की इस उपलब्धि को विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उनके प्रयासों का सम्मान माना जा रहा है। उनकी सफलता में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, सहकर्मियों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा क्षेत्र के लोगों के सहयोग और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
सम्मान प्राप्त करने पर मधुसूदन साहू ने सभी सहयोगियों, अभिभावकों और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग, विश्वास और प्रोत्साहन ने उन्हें निरंतर बेहतर कार्य करने की प्रेरणा दी है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह उल्लेखनीय योगदान देने की शुभकामनाएं दीं।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.