विधायक प्रतिनिधि की पहल पर हटा सड़क जाम,मृतका के परिजनों को एक लाख रुपये की सहायता।
बुढ़मू - ठाकुरगांव के बैंक मोड़ पर गुरुवार को सड़क दुर्घटना में मृत मिठू कुमारी का शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। बैंक मोड़ पर तीनों ओर से सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर ठाकुरगांव और बुढ़मू थाना के प्रभारी मौके पर पहुंचे और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। बाद में कांके विधायक सुरेश कुमार बैठ के प्रतिनिधि गोपाल तिवारी ने पहल करते हुए वाहन मालिक से तत्काल एक लाख रुपये दिलाने तथा विधायक मद से मृतका के परिवार को एक चापाकल और सरकारी आवास उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम हटा लिया और आवागमन सामान्य हुआ।
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह बुतरू साहू की पुत्री मिठू कुमारी पानी लाने गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे इलाज के लिए रिम्स ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश था। सड़क जाम की सूचना मिलने पर विधायक ने सक्रियता दिखाते हुए अपने प्रतिनिधियों को आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। मौके पर शमीम बड़ेहार, प्रखंड प्रतिनिधि बबलू उरांव, विनीता देवी, सतीश साहू, गोपाल भगत, हेमंत साहू, गोविंद साहू, संजय साहू, रोहित साहू, पंचम सिंह और अमीरुल हक सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
रिपोर्टर - राशीद अंसारी

No Previous Comments found.