बुड़मू में कोयला लदा ट्रक जब्त, चालक फरार

बुढ़मू - अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सीआईएसएफ एनके एवं पिपरवार की टीम ने बुधवार रात बुड़मू क्षेत्र में कोयला लदा एक ट्रक जब्त किया। टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जांच के दौरान ट्रक से चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ। सीआईएसएफ ने जब्त ट्रक और बरामद सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बुड़मू थाना पुलिस को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, सीआईएसएफ के उप कमांडेंट दिनेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध कोयला लदा एक ट्रक बुड़मू की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की। जवानों ने छापर, कोले रेलवे रोड, हिंदगीर और बुड़मू समेत करीब 35 से 40 किलोमीटर के क्षेत्र में वाहनों की निगरानी की। इसी दौरान बुधवार रात करीब 9:15 बजे निरीक्षक पंकज झा के नेतृत्व में टीम ने बुड़मू क्षेत्र में ट्रक संख्या OD09P-4797O को जांच के लिए रोका। सीआईएसएफ की टीम को देखते ही चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। इसके बाद जवानों ने ट्रक की तलाशी ली। इस दौरान चालक का मोबाइल फोन और ड्राइविंग लाइसेंस मिला। लाइसेंस के आधार पर चालक की पहचान इरफान अंसारी के रूप में हुई।

मामले में सीआईएसएफ की ओर से अवैध कोयला परिवहन के संबंध में खनिज विकास एवं विनियमन अधिनियम (एमएमडीआर एक्ट) के तहत कानूनी कार्रवाई के लिए बुड़मू थाना में लिखित आवेदन दिया गया है। जब्त ट्रक और बरामद सामान पुलिस को सौंप दिए गए हैं। हालांकि, मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई के संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। इस अभियान में उप कमांडेंट दिनेश कुमार के नेतृत्व में निरीक्षक पंकज झा, निरीक्षक राजीव कुमार शर्मा, निरीक्षक कुलदीप कुमार समेत सीआईएसएफ के अन्य जवान शामिल थे।

रिपोर्टर - राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.