मदरसा कुल्लियतुल बनात के आठवें भव्य दीक्षांत समारोह में 240 छात्राओं को मिली आलिमा की सनद

रांची : मदरसा कुल्लियतुल बनात लिल तरबियतिल इस्लामिया, परहे पार्ट, रातू, रांची के तत्वावधान में आठवां भव्य जलसा-ए-तकसीम-ए-असनाद व रिदा-ए-इफ्फत (प्रमाण पत्र वितरण समारोह) का आयोजन पूरे उत्साह और गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। इस अवसर पर वर्ष 2020 से 2026 तक मदरसे से शिक्षा पूरी करने वाली 240 छात्राओं को आलिमा  की सनद प्रदान की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मदरसे के संस्थापक हजरत मौलाना निजामुद्दीन नदवी ने की।

कार्यक्रम में मदरसे की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक शैक्षणिक एवं इस्लामी विषयों पर आधारित संवाद, तकरीर, नात और तराने प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की लोगों ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर हजरत मौलाना साबिर मोहनपुरी, हजरत मौलाना अब्दुल मन्नान इस्लाही, हजरत मौलाना मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी, हजरत मौलाना साबिर हुसैन रशादी, अता उल्लाह अंसारी, हजरत मौलाना कारी अंसारुल्लाह कासमी (शहर काजी, रांची), हजरत मौलाना निजामुद्दीन नदवी, हजरत मौलाना अब्दुल्लाह नदवी और हजरत मौलाना मुफ्ती अनवर कासमी सहित अन्य उलमा ने अपने विचार रखे। सभी वक्ताओं ने मदरसे की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी सेवाओं की सराहना करते हुए छात्राओं की कामयाबी पर मुबारकबाद दी।
हजरत मौलाना मुफ्ती मोहम्मद अनवर कासमी ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के साथ बेहतर तरबियत भी बेहद जरूरी है। दुनिया में मिलने वाला सर्टिफिकेट और पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। बच्चियों को अच्छी शिक्षा और बेहतर संस्कार देना उनकी कामयाबी के साथ-साथ समाज की इस्लाही और तरक्की के लिए भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चियों की अच्छी तालीम और तरबियत उन्हें जन्नत तक पहुंचाने का जरिया बन सकती है।
सदारती संबोधन में हजरत मौलाना निजामुद्दीन नदवी ने शिक्षा की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज की तरक्की और सुधार के लिए बच्चियों की दीनी एवं दुनियावी शिक्षा पर विशेष ध्यान देना वक्त की अहम जरूरत है। शिक्षित और प्रशिक्षित महिलाएं ही एक बेहतर, जागरूक और सभ्य समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। आए हुए तमाम लोगों का स्वागत मदरसा के मुहतमीम मौलाना अब्दुल्लाह नदवी ने किया और पास होने वाली बच्चियों को मुबारकबाद दिया। कार्यक्रम में हाजी शमशेर, मौलाना समीउल हक, मौलाना साबिर, मौलाना मंसूर (मदरसा आलिया), मौलाना अशरफुल हक (मदरसा आलिया), कारी रऊफ (मदरसा आलिया), मौलाना इम्तियाज, मौलाना शहामत हुसैन (मदरसा आलिया), मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर, मौलाना खुर्शीद, मौलाना एजाज, मौलाना रफीक, मौलाना सलीम, मौलाना तारिक, तारिक अंसारी, मास्टर अतहर, कारी शकील, नूरी तबस्सुम, तरन्नुम, गुलफशां और नसीमा सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम में छात्राओं की हौसला अफजाई की गई और मदरसे की तरक्की, छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य तथा समाज में दीनी एवं शैक्षणिक जागरूकता के प्रसार की कामना की गई।

रिपोर्टर : नदीम दानिश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.