बदनामी और कार्रवाई नहीं होने से आहत आदिवासी नेत्री निशा भगत ने लाइव वीडियो के दौरान दी जान

रांची : झारखंड की आदिवासी नेत्री निशा भगत की आत्महत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही कथित बदनामी और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वह काफी मानसिक तनाव में थीं। इसी से आहत होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार, घटना से पहले निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन किया था। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कही। घटना की सूचना मिलने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या से पहले बनाए गए लाइव वीडियो में निशा भगत काफी भावुक और परेशान नजर आ रही थीं। उन्होंने अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि मुश्किल समय में उनके साथ कोई खड़ा नहीं है और वह लंबे समय से अकेले संघर्ष कर रही हैं। उन्होंने अपने इस कदम से माता-पिता को होने वाले दुख का भी जिक्र किया।
वीडियो में निशा भगत खुद को किसी का दलाल बताए जाने पर नाराजगी जताती सुनाई दे रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनाम करने वालों के खिलाफ शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिलहाल इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई और जांच की जानकारी सामने आनी बाकी है।

रिपोर्टर - शहीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.