एलपी ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला,मौत

बुढ़मू :  बुढ़मू-राय रोड स्थित चौकी टांड के समीप झीलया नदी के पास बुधवार को तेज रफ्तार एलपी ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान टंडवा प्रखंड के डुंडुवा पांडे मोड़ निवासी कुलदीप महतो (35) और प्रकाश महतो (24) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक (जेएच01एफएन 7870) से अपने गांव से खरकु टोला, पतरातू जा रहे थे। इसी दौरान चौकी टांड के पास एलपी ट्रक (जेएच02एवी 2655) ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक मां भगवती ट्रांसपोर्ट, कुमडांग का बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही बुढ़मू पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं, दोनों युवकों की मौत की खबर सुनकर परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने राय-बुढ़मू मुख्य पथ जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन की उचित व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद प्रतिदिन तेज रफ्तार से भारी वाहन गुजरते हैं। लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की।
सूचना पर बीडीओ, खलारी डीएसपी रामनारायण चौधरी, थाना प्रभारी नवीन शर्मा समेत मांडर, चान्हो और खलारी के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों को समझाया तथा हरसंभव सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब पांच घंटे बाद जाम हटाया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स, रांची भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.