युवाओं को खिलाड़ी नहीं, भविष्य के नेतृत्वकर्ता के रूप में देखती हूं : शिल्पी नेहा तिर्की

रांची  : प्रखंड क्षेत्र के जारिया स्कूल मैदान में युवा कांग्रेस बेड़ो प्रखंड कमेटी की ओर से आयोजित राजीव गांधी सद्भावना फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार की कृषि मंत्री सह मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। उनका स्वागत बाजे-गाजे के साथ किया गया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वह युवाओं को केवल खिलाड़ी के रूप में नहीं, बल्कि भविष्य के नेतृत्वकर्ता के रूप में देखती हैं।

मंत्री ने सभी 17 पंचायतों की टीमों को बधाई देते हुए युवा कांग्रेस के सदस्यों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल के जरिए युवा नशापान, जुआ और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं। इसके साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।

उन्होंने कहा कि सद्भावना का वास्तविक अर्थ जाति और धर्म से ऊपर उठकर समाज को एकजुट रखना है। युवाओं को सामाजिक समरसता बनाए रखने और गलत के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है। मांडर विधानसभा को आदर्श बनाने के लिए सड़क और आधारभूत संरचनाओं के विकास के साथ-साथ युवाओं की शिक्षा, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को आगे बढ़ाना भी बेहद जरूरी है।

टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रशांत तिर्की को मैन ऑफ द सीरीज और सुशांत उरांव को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में जामटोली पंचायत की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया, जबकि जरिया पंचायत की टीम उपविजेता रही। मंत्री ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जामटोली पंचायत की विजेता टीम अब 18 नवंबर को मांडर के बुढ़ाखुखरा मैदान में आयोजित होने वाले विधानसभा स्तरीय फाइनल मुकाबले में हिस्सा लेगी। इस प्रतियोगिता के विजेता को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

मौके पर युवा अध्यक्ष हसीबुल अंसारी, प्रखंड अध्यक्ष करमा उरांव, उप प्रमुख मुदस्सिर हक, ग्रामीण महासचिव हाजी परवेज आलम, नवल सिंह, मो. फहीम, शंभु बैठा, मंजूर अंसारी सहित बेड़ो के पुलिस उपाधीक्षक, अंचलाधिकारी, युवा कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित थे।

रिपोर्टर : नदीम दानिश

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.