बुढ़मू में बेकाबू गैस टैंकर का तांडव,दो दुकानों में घुसा वाहन; लाखों का सामान बर्बाद
बुढ़मू : थाना क्षेत्र के चकमे मुख्य पथ पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। चकमे से बुढ़मू की ओर जा रहा एक गैस टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित रियाज खान एवं वसीम खान की दो दुकानों में जा घुसा। टैंकर की जोरदार टक्कर से दोनों दुकानों में रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आई घटना के अनुसार, टैंकर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकानों में रखा सामान तहस-नहस हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बाल-बाल टली बड़ी अनहोनी
इस हादसे में सबसे राहत की बात यह रही कि घटना के वक्त दोनों दुकानों में कोई मौजूद नहीं था। यदि दुकानदार या अन्य लोग वहां मौजूद होते, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही बुढ़मू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की छानबीन करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। वहीं, अचानक हुए इस हादसे से प्रभावित दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी और आर्थिक नुकसान की चिंता खड़ी हो गई है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.