राँची में युवती से हुई घटना का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार।।
रांची : रातू थाना क्षेत्र के चटकपुर में 7 नवंबर को एक युवती के साथ हुई घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो बालिग युवक और एक किशोर शामिल हैं। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई की है।
इस संबंध में पीड़िता के आवेदन पर 8 नवंबर को रातू थाना में कांड संख्या 377/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) द्वितीय के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल का गठन किया गया।
पुलिस के अनुसार, अनुसंधान के दौरान घटनास्थल पर पहुंचने से पहले पीड़िता का पीछा करते हुए एक युवक का वीडियो प्राप्त हुआ। वीडियो की पहचान करने के बाद सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पीड़िता के बयान के आधार पर एक किशोर से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और अपने दो दोस्तों पंकज लोहरा तथा अंशु राणा के शामिल होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवकों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों ने भी अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. पंकज लोहरा (22 वर्ष), पिता सुखदेव लोहरा, ग्राम सिजों, थाना कुडू, जिला लोहरदगा। वर्तमान पता पंडरा, राँची।
2. अंशु राणा (19 वर्ष), पिता संतोष राणा, ग्राम खदहिया, थाना सदर, जिला चतरा। वर्तमान पता नवासोसो, रातू, राँची।
3. एक किशोर, जिसकी पहचान पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
पुलिस उपाधीक्षक अजय आयर्न के नेतृत्व में गठित टीम में रातू थाना प्रभारी आदिकांत महतो, नगड़ी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार राय, दलादली ओपी प्रभारी सत्य प्रकाश उपाध्याय, पंडरा ओपी प्रभारी विवेक कुमार, खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार सहित तकनीकी शाखा के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी शामिल थे।
ये सामान किए गए जब्त
पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज, आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को मामले के अनुसंधान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
रिपोर्टर : रशीद

No Previous Comments found.