बुढ़मू में तेज रफ्तार बाइक का कहर: साइकिल सवार को मारी जोरदार टक्कर, हालत नाजुक; रिम्स रेफर।।
बुढ़मू : उमेडंडा-बुढ़मू मुख्य मार्ग पर सोसई के समीप मंगलवार को करीब 2: 30 बजे तेज रफ्तार बाइक ने एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार उपेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे की पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, उपेंद्र सिंह साइकिल से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार युवक घायल को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल उपेंद्र सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), बुढ़मू पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रिम्स में उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की उठी मांग इस हादसे के बाद इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने मुख्य मार्ग पर बेलगाम रफ्तार से चलने वाले वाहनों पर अंकुश लगाने, नियमित वाहन जांच और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। अब देखना होगा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
रिपोर्टर : राशीद अंसारी

No Previous Comments found.