मनरेगा के सामाजिक अंकेक्षण में खुलकर सामने आईं ग्रामीणों की समस्याएं, डडिया में खेल मैदान बनाने की मांग।।

बुढ़मू :  प्रखंड के डडिया गांव स्थित देवी मंडप के समीप बुधवार को मनरेगा योजनाओं को लेकर विशेष ग्रामसभा आयोजित की गई। बलकु मुंडा की अध्यक्षता में हुई इस ग्रामसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान संचालित मनरेगा योजनाओं का सामाजिक अंकेक्षण किया गया। झारखंड सामाजिक अंकेक्षण इकाई के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

अंकेक्षण के दौरान गाय शेड, बकरी शेड, मत्स्य पालन, डोभा और कुआं निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान ग्रामीणों ने वृद्धा एवं विधवा पेंशन से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया और पात्र लाभुकों को समय पर सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने की मांग की।

ग्रामसभा में पंचायत समिति सदस्य सुर्जन गोड़ाइत ने गांव को नशामुक्त बनाने के लिए युवाओं और बच्चों को खेलकूद से जोड़ने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए गांव में खेल मैदान जरूरी है। इसके लिए उन्होंने ग्रामीणों से उपयुक्त स्थान चिह्नित करने की अपील की।

मौके पर पंचायत सचिव हेमंत कुमार, सागर गोप, प्रदीप साहू, मनेश्वर यादव, रतिया पहान, दिरपाल यादव, मनोज मुंडा, रमेश मुंडा, अमर खलखो, तेजप्रकाश उरांव, पंचम साहू, बालक सिंह, देवा उरांव, शुकरी देवी, लालो देवी, सुमरी देवी एवं निराश देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

 रिपोर्टर : राशीद अंसारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.