रश्मिका मंदाना ने संगीत में देवर संग भी लगाए ठुमके, कहा- कपड़े थोड़े भारी थे, लेकिन पूरी रात नाचती रही
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा इन दिनों अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं। दोनों ने 26 फरवरी को उदयपुर में पारंपरिक तेलुगु और कोडवा रस्मों के साथ सात फेरे लिए। शादी से पहले हुए समारोहों में संगीत नाइट सबसे यादगार रही, जिसकी झलक रश्मिका ने हाल ही में सोशल मीडिया के जरिए साझा की।
![]()
रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संगीत समारोह की कई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें वह विजय के साथ नजर आ रही हैं। कुछ तस्वीरों में उनके परिवार के सदस्य भी जश्न का हिस्सा बने दिखे। इन तस्वीरों के साथ रश्मिका ने अपनी भावनाएं भी शब्दों में बयां कीं। उन्होंने लिखा कि वह रात प्यार, खुशियों के आंसू, हंसी, संगीत, गानों, रोशनी और बिना रुके डांस से भरी हुई थी। उनके मुताबिक, यह अब तक की सबसे मजेदार रातों में से एक थी।

एक्ट्रेस ने आगे बताया कि वह और विजय एक-दूसरे के लिए सरप्राइज प्लान कर रहे थे, लेकिन असली सरप्राइज उन्हें परिवार की तरफ से मिला। जब उन्होंने अपने घरवालों को पूरे दिल और जोश के साथ डांस करते देखा, तो दोनों ही बेहद खुश और हैरान रह गए। रश्मिका ने अपने आउटफिट का भी जिक्र किया और बताया कि कपड़े भारी होने के बावजूद उन्होंने पूरी रात उसी में नाचकर जश्न मनाया। उन्होंने लिखा कि 24 फरवरी 2026 की वह रात हमेशा उनके दिल के करीब रहेगी, जब उन्होंने परिवार और दोस्तों के प्यार के बीच खुलकर डांस किया।

यह संगीत सेरेमनी उदयपुर के आईटीसी मेमेंटोज होटल में आयोजित की गई थी, जहां करीबी रिश्तेदारों और दोस्तों ने जमकर एन्जॉय किया। गौरतलब है कि फैंस इस जोड़ी को प्यार से “VIROSH” कहते हैं और रश्मिका की इस पोस्ट पर भी खूब प्यार और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।


No Previous Comments found.