गोविंदगढ़ खाद्यों माता मंदिर में सजायाफ्ता अपराधी बना मुख्य पुजारी,कोर्ट रिकॉर्ड से हुआ खुलासा
रीवा : जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर स्थित प्रसिद्ध खाद्यों माता मंदिर इन दिनों गंभीर विवादों में घिर गया है। मंदिर के मुख्य पुजारी संजू उर्फ संजय कुमार बड़ौलिया के सजायाफ्ता अपराधी होने का खुलासा कोर्ट दस्तावेजों से हुआ है, जिसके बाद श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त दस्तावेज Registration No. RCT-1300002/2005 के अनुसार संजू उर्फ संजय कुमार बड़ौलिया को न्यायालय द्वारा भा0दं0वि0 1860 की धारा 452 [गृह अतिचार], 148 [दंगा], 325/149 [गंभीर उपहति], 324/149 [खतरनाक हथियार से चोट, दो बार], 323/149 [स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, तीन बार] के तहत "दोषसिद्ध" ठहराया गया है। निर्णय कंडिका 36 के अनुसार उसे सजा सुनाई गई है।
आस्था से खिलवाड़ का आरोप
स्थानीय श्रद्धालुओं का आरोप है कि सजा प्राप्त अपराधी को मंदिर का मुख्य पुजारी बना दिया गया है। लोगों का कहना है कि संजू जन्म से ब्राह्मण नहीं है और उसे कुष्ठ रोग जैसी गंभीर बीमारी भी है। सवाल उठ रहा है कि बांसा वन समिति, जिसके अधीन वर्तमान में मंदिर का संचालन हो रहा है, ने ऐसे व्यक्ति को मुख्य पुजारी कैसे नियुक्त कर दिया।
वसूली और चढ़ावे का हिसाब नहीं
श्रद्धालुओं ने बताया कि मंदिर में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। प्रत्येक पूजा-पाठ और अनुष्ठान के लिए वन समिति को अलग से शुल्क देना पड़ता है। सबसे गंभीर आरोप चढ़ावे को लेकर है। मंदिर में आने वाले दान-दक्षिणा, सोना-चांदी के आभूषणों का कोई लेखा-जोखा नहीं रखा जाता। आरोप है कि सारा चढ़ावा मुख्य पुजारी संजू और उसके साथियों द्वारा हजम कर लिया जाता है।
नाम न छापने की शर्त पर एक स्थानीय दुकानदार ने बताया, "जब ऊपर से नीचे तक मिलीभगत हो तो किससे शिकायत करें। माता के नाम पर लूट मची है।"
घट रही श्रद्धालुओं की संख्या
इन घटनाओं के कारण खाद्यों माता मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही कम हो गई है। पहले जहां रोजाना सैकड़ों लोग दर्शन को आते थे, अब मंदिर परिसर में सन्नाटा पसरा रहता है।
प्रशासन से जांच की मांग
स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्टर एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग से मांग की है कि मंदिर प्रबंधन और चढ़ावे की राशि का ऑडिट कराया जाए। साथ ही सजायाफ्ता पुजारी को तत्काल पद से हटाकर मंदिर की पवित्रता बहाल की जाए।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.