भारत ट्रेवल्स की बसों में सुरक्षा नियमों की खुलेआम अनदेखी,यात्रियों की जान जोखिम में
रीवा : जिले में संचालित हो रही भारत ट्रेवल्स की बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े आवश्यक नियमों का पालन किए बिना बसों का संचालन किए जाने से लोगों में बस संचालकों के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
जानकारी के अनुसार कई बसों में निर्धारित किराया सूची प्रदर्शित नहीं की गई है, जबकि आपातकालीन निकास (इमरजेंसी विंडो) की व्यवस्था भी मानकों के अनुरूप नहीं दिखाई देती। इतना ही नहीं, आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक फायर एक्सटिंग्विशर भी कई बसों में उपलब्ध नहीं हैं।
यात्रियों का आरोप है कि कुछ बसें बेहद जर्जर एवं कंडम स्थिति में होने के बावजूद सड़कों पर दौड़ाई जा रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मोटर वाहन नियमों के तहत यात्री वाहनों में सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं अनिवार्य होती हैं, लेकिन इन नियमों की कथित तौर पर लगातार अनदेखी की जा रही है।
स्थानीय नागरिकों और यात्रियों का कहना है कि इतनी गंभीर अनियमितताओं के बावजूद आरटीओ विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या आरटीओ विभाग इस मामले की गंभीरता से जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा, या फिर यात्रियों की सुरक्षा को इसी तरह नजरअंदाज किया जाता रहेगा?
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.