अमहिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई लाखों रुपये की चोरी का पर्दाफाश,तीन आरोपी गिरफ्तार
रीवा : अमहिया थाना पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए 8 एलईडी टीवी एवं 2 मिक्सर ग्राइंडर बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरन सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा तथा नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. रितु उपाध्याय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अमहिया उपनिरीक्षक शिवा अग्रवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार फरियादी अरुण ठारवानी, निवासी कृष्णाकुंज सोसायटी थाना बिछिया, ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अमहिया स्थित उनके "बंजारा फर्नीचर" शोरूम से अज्ञात चोर 8 एलईडी टीवी एवं 2 मिक्सर ग्राइंडर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना अमहिया में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी साहिल अंसारी (24 वर्ष), कासिम शाह (22 वर्ष) निवासी बड़ी दरगाह के पीछे, थाना अमहिया तथा राजेश श्रीवास्तव (58 वर्ष) निवासी लुढ़ौनी जिला मैहर,हाल निवासी हल्दी हाउस के पास थाना अमहिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात एवं चोरी का सामान खरीदकर अपने पास रखने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा सामान बरामद कर उन्हें गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि सुरेश शुक्ला,प्रधान आरक्षक केमला प्रसाद,आरक्षक विकास तिवारी, शंकरदत्त,दिवाकर तिवारी, अनुज प्रताप सिंह,आकाश मिश्रा एवं योगेश सिंह की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.