सेमरिया में बिजली की बार-बार हो रही ट्रिपिंग से रातभर जागने को मजबूर लोग
रीवा : सेमरिया विद्युत वितरण केंद्र क्षेत्र में इन दिनों लगातार बिजली की हो रही ट्रिपिंग और कटौती से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच दिन-रात बार-बार बिजली गुल होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर दिखाई नहीं देता।
सामाजिक कार्यकर्ता रवि पाण्डेय ने कहा कि बिजली की लगातार ट्रिपिंग के कारण लोग रातभर जागने को मजबूर हो रहें हैं। उनका आरोप है कि शिकायत लेकर जाने पर न तो समस्याओं का समय पर निराकरण होता है और न ही जिम्मेदार अधिकारी गंभीरता दिखाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जूनियर इंजीनियर (जेई) से संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है। आरोप है कि वे अक्सर कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहते और फोन कॉल का भी जवाब नहीं देते। इसके चलते बिल सुधार, नए बिजली कनेक्शन और फाल्ट सुधार जैसे कई कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं।
नागरिकों के अनुसार सेमरिया शहर के साथ-साथ भमरा,बारा और पिपरा फीडर क्षेत्र की स्थिति भी बेहद खराब है। जून के अंतिम दिनों की भीषण गर्मी में लगातार हो रही बिजली की आंख-मिचौली से आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। घंटों बिजली गुल रहने से घरों में उमस बढ़ जाती है और लोगों की रात की नींद तक प्रभावित हो रही है।
शनिवार और रविवार को भी कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही। बार-बार बिजली बंद होने और चालू होने से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बिजली विभाग से ट्रिपिंग की समस्या का जल्द और स्थायी समाधान करने की मांग की है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.