रीवा में 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत अमहिया पुलिस ने एसबीआई बैंक में चलाया साइबर जागरूकता अभियान

रीवा :  मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में संचालित "सेफ क्लिक 2.0 सुरक्षित क्लिक,सुरक्षित जीवन" अभियान के तहत रीवा पुलिस लगातार साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को एसबीआई बैंक परिसर में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना अमहिया प्रभारी शिवा अग्रवाल,अमहिया थाना पुलिस स्टाफ एवं एसबीआई बैंक की शाखा प्रबंधक अवंतिका पालीवाल ने बैंक पहुंचे ग्राहकों,कर्मचारियों और अन्य नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, साइबर बुलिंग, फेक जॉब ऑफर, डेटा चोरी, हैकिंग तथा निवेश के नाम पर होने वाली ऑनलाइन ठगी जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और एटीएम से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो वह बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराए तथा cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों और बैंक प्रबंधन ने सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया। अंत में रीवा पुलिस ने सभी नागरिकों से स्वयं सतर्क रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि सुरक्षित और जागरूक डिजिटल समाज का निर्माण किया जा सके।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.