सिरमौर चौराहे पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त,आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन,ड्यूटी से नदारद दिखे यातायात कर्मचारी

रीवा : मध्यप्रदेश के रीवा शहर के सबसे व्यस्ततम सिरमौर चौराहे पर शुक्रवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आई। करीब आधे घंटे तक लगे भीषण जाम के कारण दोपहिया, चारपहिया सहित सैकड़ों वाहन सड़क पर फंसे रहे। जाम की वजह से लोगों को लंबे समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम के दौरान चौराहे पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए कोई भी यातायात पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। ऐसे में वाहन चालक अपनी-अपनी ओर से निकलने का प्रयास करते रहे, जिससे अव्यवस्था बढ़ती गई और चौराहा पूरी तरह जाम की चपेट में आ गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरमौर चौराहा शहर का सबसे व्यस्त यातायात केंद्र है, जहां हर समय वाहनों का भारी दबाव रहता है। उनका आरोप है कि नियमित रूप से यातायात पुलिस की प्रभावी तैनाती नहीं होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। इससे आम नागरिकों का समय और ईंधन दोनों बर्बाद होते हैं, वहीं आपातकालीन सेवाओं के आवागमन पर भी असर पड़ता है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से सिरमौर चौराहे पर नियमित यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने, ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की जवाबदेही तय करने तथा जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.