रीवा में नशे का सिंडिकेट बेनकाब! चार गिरफ्तार
मध्यप्रदेश : रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र से जहा बिछिया थाना पुलिस ने नशीली कफ सिरप की अवैध बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में महाजन टोला निवासी नीरज यादव, तोपखाना निवासी सुनील तिवारी, सगरा निवासी सनी पटेल तथा कोठी निवासी सचिन पटेल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार चारों आरोपी कोठी रिंग रोड क्षेत्र में नशीली कफ सिरप की फुटकर बिक्री कर रहे थे।
पुलिस की यह कार्रवाई सराहनीय है, लेकिन इसके साथ ही कई गंभीर सवाल भी खड़े हो गए हैं। आखिर जिन आरोपियों के पास यह नशीली कफ सिरप पहुंची,वह आई कहां से? क्या केवल चार लोगों की गिरफ्तारी से रीवा में फैल रहे नशे के कारोबार पर रोक लग जाएगी, या इसके पीछे कोई संगठित और बड़ा नेटवर्क सक्रिय है?
रीवा में लगातार नशीली कफ सिरप, प्रतिबंधित दवाइयों और अन्य मादक पदार्थों की बरामदगी यह संकेत दे रही है कि मामला केवल फुटकर बिक्री तक सीमित नहीं है। सवाल उन बड़े सप्लायरों पर है जो पर्दे के पीछे बैठकर युवाओं की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। आखिर किस मेडिकल चैनल, किस अवैध सप्लाई चेन या किन गिरोहों के माध्यम से यह नशीला ज़हर शहर और गांवों तक पहुंच रहा है?
यदि फुटकर विक्रेता इतनी आसानी से नशीली दवाएं बेच रहे हैं, तो स्पष्ट है कि उनके पीछे मजबूत सप्लाई नेटवर्क काम कर रहा है। ऐसे में केवल छोटे आरोपियों को पकड़कर कार्रवाई पूरी मान लेना पर्याप्त नहीं होगा। जरूरत इस बात की है कि पुलिस, ड्रग विभाग और संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचें और उन बड़े चेहरों को बेनकाब करें जो इस अवैध कारोबार के असली संचालक हैं।
आज रीवा की जनता भी यही सवाल पूछ रही है—क्या पुलिस इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड तक पहुंचेगी, या फिर कार्रवाई केवल छोटे-छोटे आरोपियों तक ही सीमित रह जाएगी? क्या युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने वाले असली कारोबारियों पर भी कानून का शिकंजा कसेगा?
अब पूरे जिले की निगाह पुलिस और संबंधित विभागों पर है। यदि सप्लाई चेन को ध्वस्त नहीं किया गया, तो फुटकर विक्रेताओं की गिरफ्तारी के बावजूद नशे का कारोबार किसी न किसी रूप में चलता रहेगा। रीवा के युवाओं का भविष्य बचाने के लिए अब आधे-अधूरे नहीं, बल्कि जड़ से उखाड़ फेंकने वाली कार्रवाई की जरूरत है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.