निर्माण गुणवत्ता पर उठे बड़े सवाल, ग्रामीण बोले—"मानकों को ताक पर रखकर हो रहा काम"

रीवा :   जनपद पंचायत जवा अंतर्गत ग्राम पंचायत टिकैतन पुरवा में निर्माणाधीन स्टॉप डैम एक बार फिर विवादों के घेरे में आ गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता, घटिया गुणवत्ता और नियमों की खुलेआम अनदेखी का आरोप लगाते हुए सरपंच और ठेकेदार की मिलीभगत पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की सरकारी राशि से बन रहे स्टॉप डैम में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी कर जल्दबाजी और मनमाने तरीके से निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं कराई गई तो यह निर्माण कार्य भविष्य में भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण बन सकता है।
स्थल पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार स्टॉप डैम के आसपास मिट्टी कटाव, अधूरा समतलीकरण और निर्माण की गुणवत्ता पहली नजर में ही सवालों के घेरे में दिखाई देती है। आरोप है कि तकनीकी मापदंडों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे डैम की मजबूती और उसकी उपयोगिता पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, जनपद पंचायत और संबंधित विभाग से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो तथा यदि अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो सरपंच, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि स्टॉप डैम का उद्देश्य जल संरक्षण और किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन यदि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और लापरवाही जारी रही तो करोड़ों की योजनाओं की तरह यह योजना भी केवल कागजों तक सीमित होकर रह जाएगी और इसका खामियाजा क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों को भुगतना पड़ेगा।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.