सेमरिया में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार

रीवा :  रीवा जिले में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत सेमरिया थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली कफ सिरप की बिक्री करने वाले एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 शीशी प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 9,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के मार्गदर्शन,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संदीप मिश्रा के निर्देशन तथा एसडीओपी रूपेंद्र धुर्वे के नेतृत्व में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हरदुआ में तालाब के पास एक युवक सफेद झोले में अवैध नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम कुमार सेन (21 वर्ष), पिता राजकुमार सेन उर्फ राजू, निवासी ग्राम हरदुआ, थाना सेमरिया बताया। तलाशी लेने पर उसके झोले से 32 शीशी अवैध ऑनरेक्स नशीली कफ सिरप बरामद हुई। वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए नशीली कफ सिरप जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल,उपनिरीक्षक गिरजा प्रसाद पाण्डेय,प्रधान आरक्षक प्रमोद अग्निहोत्री, आरक्षक प्रबल त्रिपाठी, शिवम सिंह,राहुल कुमार एवं विवेक सिंह की सराहनीय भूमिका रही।सेमरिया पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.