हेमलता को न्याय नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन!

रीवा :  हेमलता को न्याय नहीं मिला तो होगा बड़ा आंदोलन! डभौरा थाने के सामने सपा का हल्ला बोल, SIT प्रभारी बदला, अनशन समाप्त एक माह से अधिक समय से लापता फूलचंद आरख की तलाश और उनकी बेटी राशी हेमलता आरख को न्याय दिलाने की मांग को लेकर डभौरा थाने के सामने समाजवादी पार्टी ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने पुलिस और सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो प्रदेशव्यापी आंदोलन छेड़ा जाएगा।
धरने का नेतृत्व सपा के प्रदेश सचिव जगदीश सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल सहित प्रदेश सचिव संतकुमार पटेल, राजमणि सिंह यादव, किसान नेता कांति कुमार दुबे, पार्षद आसमा रचना, रामनरेश यादव, रामकिशोर आदिवासी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धरने के दौरान पुलिस अधीक्षक रीवा से हुई चर्चा के बाद प्रशासन हरकत में आया। मौके पर मौजूद एसडीओपी नारायण सिंह कुभरे ने पहले से गठित एसआईटी में बड़ा बदलाव करते हुए डभौरा थाना प्रभारी ऋषभ सिंह को एसआईटी प्रभारी की जिम्मेदारी से हटाकर जवा थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर को नई जिम्मेदारी सौंप दी।
इसके बाद राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल और नायब तहसीलदार रावेंद्रधर द्विवेदी ने जूस पिलाकर राशी हेमलता का अनशन स्थगित कराया।
धरने के दौरान सपा नेताओं ने सरकार और पुलिस व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। राष्ट्रीय सचिव शिव सिंह पटेल ने क्षेत्रीय विधायक और मौजूदा पुलिस सिस्टम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इस दौरान एक भावुक घटनाक्रम भी सामने आया, जब राशी हेमलता आरख ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में जिस पार्टी ने उनका साथ दिया, अब वह उसी पार्टी के साथ रहकर न्याय की लड़ाई लड़ेंगी।
प्रदेश सचिव जगदीश सिंह यादव ने आरोप लगाया कि पूरे इलाके में पीडीए समाज के लोगों का उत्पीड़न किया जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
धरना समाप्त होने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर सुधीर आदिवासी प्रकरण, रामनगर के आदिवासियों के साथ हुई घटनाओं, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, किसानों और आदिवासी समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
धरने में ब्लॉक अध्यक्ष जवाहरलाल पाल, सुखीनंद साकेत, कैलाश यादव, रीता बौद्ध, बद्री प्रसाद यादव, पुष्पराज आरख, राम सजीवन आदिवासी, रामखेलावन, एस.एल. साहू, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, जगदीश केवट, दयाराम पाल, फूलकली आदिवासी, त्रिवेणी चौधरी सहित सैकड़ों महिला-पुरुष मौजूद रहे।
सपा का साफ संदेश: "यदि हेमलता को शीघ्र न्याय नहीं मिला, तो यह आंदोलन डभौरा से निकलकर पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ जनआंदोलन का रूप लेगा।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.