25 साल की सत्ता के बाद भी जल निकासी बदहाल, हर बारिश में क्यों डूब रहा रीवा? — रंजन गुप्ता
रीवा : जिले में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर और आसपास के इलाकों में बने बाढ़ जैसे हालात ने नगर की जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी मुद्दे को लेकर आमजन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजन गुप्ता ने भाजपा सरकार और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला है।
रंजन गुप्ता ने कहा कि रीवा नगर निगम में करीब 25 वर्षों से भाजपा का नियंत्रण होने के बावजूद शहर की जल निकासी व्यवस्था आज भी बदहाल है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतने लंबे समय से सत्ता और नगर निगम पर भाजपा का प्रभाव है, तो हर बार बारिश के मौसम में शहर को जलभराव और बाढ़ जैसे संकट से क्यों जूझना पड़ता है?
उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के प्रमुख नदी-नालों, नालियों और बरसाती पानी की निकासी के मार्गों की समय पर सफाई नहीं होने से हालात बिगड़ते हैं। कई स्थानों पर जल निकासी मार्गों के आसपास अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं के कारण बारिश का पानी तेजी से बाहर नहीं निकल पाता, जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो जाती है।
25 साल की सत्ता, फिर भी वही जलभराव का संकट
रंजन गुप्ता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही उन दावों की हकीकत सामने आ जाती है। उन्होंने कहा कि अगर हर साल बारिश के बाद जनता को अपने घरों, सड़कों और मोहल्लों में पानी से जूझना पड़े, तो नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा कि केवल बारिश के समय राहत और बचाव की कवायद पर्याप्त नहीं है। नगर निगम को मानसून से पहले ही नदी-नालों और नालियों की युद्धस्तर पर सफाई, जल निकासी मार्गों की जांच तथा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करनी चाहिए।
स्थायी समाधान की मांग
रंजन गुप्ता ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की कि हालिया बाढ़ जैसे हालात की जिम्मेदारी तय करने के साथ-साथ जलभराव के वास्तविक कारणों की तकनीकी समीक्षा कराई जाए। उन्होंने कहा कि बरसाती पानी की निकासी के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार की जाए, नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित हो और जहां जल निकासी बाधित है, वहां तत्काल सुधार कराया जाए।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि जनता हर बारिश में जलभराव झेलने के लिए मजबूर नहीं हो सकती। लंबे समय से सत्ता में रहने के बावजूद यदि मूलभूत जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पाई है, तो जवाबदेही तय करना जरूरी है।
रंजन गुप्ता के बयान ने बारिश के बाद शहर की जल निकासी व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.