ओवरटेकिंग के विवाद ने लिया रंगदारी तक का रूप, चार आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश : रीवा जिले से है जहां पर शहर में सड़क पर ओवरटेक करने को लेकर शुरू हुआ विवाद कथित मारपीट,गाली-गलौज और रंगदारी मांगने तक पहुंच गया। मामले में समान थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बेसबॉल डंडे, एक बेल्ट और घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की बोलेरो क्रमांक MP21 TA 1064 जब्त की है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में आशीष पटेल (23), अभिषेक कुमार पटेल (22), आलिन्द्र कुमार पटेल (36) तथा एक अपचारी बालक शामिल है।
ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ विवाद,थाने पहुंची शिकायत
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर 2026 को कैलाशपुरी निवासी अमन चतुर्वेदी ने समान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में ओवरटेक करने के विवाद को लेकर अमन मिश्रा, आशीष पटेल, अभी पटेल, प्रखर उर्फ हंटर सहित एक अन्य चालक पर मारपीट, गाली-गलौज और कथित तौर पर रंगदारी मांगने के आरोप लगाए गए थे।शिकायत के आधार पर समान थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 415/26 दर्ज कर बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी,चारों पुलिस के शिकंजे में
मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की मौजूदगी की सूचना मिली। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और चारों को पकड़ लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के अनुसार आशीष पटेल और अभिषेक कुमार पटेल इटौरा बाईपास स्थित द यूनिक होटल में रह रहे थे, जबकि आलिन्द्र कुमार पटेल कटनी जिले का निवासी बताया गया है।
बोलेरो सहित हथियारनुमा सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान घटना में इस्तेमाल बताई जा रही बोलेरो,दो बेसबॉल डंडे और एक बेल्ट जब्त की है। बरामद सामग्री को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर देखा जा रहा है।
न्यायालय में पेशी के बाद जेल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपियों को जेल दाखिल कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रीवा डॉ. गुरकरण सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली राजीव पाठक के निर्देशन में थाना प्रभारी समान निरीक्षक आशीष मिश्रा एवं पुलिस टीम ने की।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक वरुण मिश्रा सहित आरक्षक रविशंकर, दीपक, केशव, बाबूलाल रविकांत, कमलराज सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.