25 पैसे की एमएसपी से नाराज किसान गांव-गांव करेंगे केंद्र सरकार का पुतला दहन - एसकेएम
रीवा : गेहूं के समर्थन मूल्य में 1 किलो गेहूं पर सिर्फ 25 पैसे यानी 25 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। मोर्चे के नेता शिव सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने रबी विपणन वर्ष 2027-28 के लिए गेहूं सहित रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP की घोषणा की है। गेहूं के MSP में मात्र 25 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि गेहूं का MSP पहले 2585 रुपए प्रति क्विंटल था जिसे बढ़ाकर 2610 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है। मतलब कृषि क्षेत्र में इतनी बड़ी महंगाई के बाद किसानों को सिर्फ 25 रुपए प्रति क्विंटल की अतिरिक्त कीमत मिलेगी। किसानों का सवाल है कि बढ़ती लागत खाद-बीज डीजल और मजदूरी के बीच यह बढ़ोतरी ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। इंदौर प्रादेशिक सम्मेलन से लौटे मोर्चे के नेता शिव सिंह रामजीत सिंह इंद्रजीत सिंह शंखू संतकुमार पटेल तथा तेजभान सिंह ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चे के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व नें आगामी 9 अक्टूबर को एमएसपी के सवाल पर गांव गांव केंद्र सरकार का पुतला दहन करने का ऐलान किया है। सभी साथी अपने-अपने इलाके में पुतला दहन कर सरकार की किसान विरोधी नीति का पर्दाफाश करें। नेताओं ने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 के समय बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में 2700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं एवं 3100 रुपए प्रति कुंतल धान खरीदी का वादा किया था वह भी वादा आज तक पूरा नहीं हुआ।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.