सिरमौर चौक पर पुलिस का शिकंजा, असामाजिक तत्वों में हड़कंप"
रीवा : शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्ततम इलाकों में शुमार सिरमौर चौक और आईजी कार्यालय के आसपास अब असामाजिक तत्वों की मनमानी नहीं चलेगी। शाम ढलते ही सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध लोगों के जमावड़े की सूचनाओं के बाद अमहिया थाना पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार गौतम के नेतृत्व में पुलिस बल ने इलाके में कांबिंग गश्त कर संदिग्ध रूप से घूमने और अनावश्यक जमावड़ा लगाने वालों को सख्त हिदायत दी।
पैदल और वाहनों से पहुंची पुलिस, संदिग्धों को खदेड़ा
अमहिया पुलिस की टीम ने सिरमौर चौक से लेकर आईजी कार्यालय के आसपास के क्षेत्रों में पैदल और वाहन से लगातार गश्त की। सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से खड़े लोगों से पूछताछ की गई और माहौल बिगाड़ने की आशंका वाले लोगों को मौके से हटाया गया। पुलिस की अचानक सक्रियता से शाम के समय जमावड़ा लगाने वाले लोगों में हड़कंप की स्थिति नजर आई।
दुकानदारों को भी पुलिस की दो टूक
पुलिस ने क्षेत्र के दुकानदारों को भी स्पष्ट समझाइश दी कि दुकानों के सामने असामाजिक तत्वों का जमावड़ा न लगने दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या आपराधिक गतिविधि की भनक लगते ही तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील क्षेत्र में लगातार नजर
सिरमौर चौक शहर का प्रमुख व्यावसायिक और यातायात वाला क्षेत्र है, जबकि आईजी कार्यालय की मौजूदगी के कारण यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में पुलिस की सक्रियता को कानून-व्यवस्था के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है।थाना प्रभारी मनोज कुमार गौतम ने साफ संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक जमावड़ा, संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की नजर रहेगी। पुलिस की कांबिंग गश्त आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
पुलिस की बढ़ती सक्रियता से अब सवाल यह है कि शाम ढलते ही इन इलाकों में जमावड़ा लगाने वाले लोगों पर आगे कितनी सख्ती होती है और क्या नियमित गश्त से इस समस्या पर स्थायी रोक लग पाती है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.