रीवा से रंजन गुप्ता का मोहन सरकार पर हमला,बोले मध्यप्रदेश में कानून का नहीं,माफियाओं का राज!
रीवा : खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलकर मौत पर जताई नाराजगी,कहा पुलिस और कानून का डर सिर्फ आम आदमी तक सीमित!
देवास जिले के खातेगांव में शराब माफिया द्वारा थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने की घटना में हुई मौत को लेकर मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले में आमजन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रंजन गुप्ता ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि मध्यप्रदेश में अब कानून का राज नहीं, बल्कि माफियाओं का राज चलता दिखाई दे रहा है।
रीवा में मीडिया से चर्चा के दौरान रंजन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होती नजर आ रही है। जब पुलिस के जिम्मेदार अधिकारी ही माफियाओं के निशाने पर सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शराब माफिया द्वारा थाना प्रभारी को ट्रक से कुचलने जैसी घटना बताती है कि अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का भय समाप्त होता जा रहा है।
रंजन गुप्ता ने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश में माफियाओं के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे कानून के रक्षकों को ही निशाना बनाने से नहीं डर रहे हैं? क्या प्रदेश में पुलिस और कानून का डर केवल आम जनता तक ही सीमित रह गया है? उन्होंने सरकार से पूछा कि जब वर्दीधारी अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं, तब आम आदमी की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जवाब देने और शराब माफिया सहित आपराधिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कहा कि केवल बयानबाजी से कानून व्यवस्था नहीं सुधरेगी, सरकार को जमीन पर सख्त कार्रवाई करके यह साबित करना होगा कि मध्यप्रदेश में कानून का राज है, माफियाओं का नहीं।
बड़ा सवाल
जब कानून की रक्षा करने वाले पुलिस अधिकारी ही माफियाओं के हमले में जान गंवा रहे हैं, तो प्रदेश में आम नागरिक की सुरक्षा की गारंटी कौन देगा?
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.