गुढ़ नगर परिषद में सत्ता परिवर्तन की आहट! 12 पार्षदों ने खोला मोर्चा, अध्यक्ष अर्चना सिंह की कुर्सी पर संकट
15 में से 12 पार्षदों के हस्ताक्षर वाले प्रस्ताव को शासन की मंजूरी,17नवंबर को निर्वाचन आयोग पहुंचा मामला,अब आयोग की वैधानिक कार्रवाई पर टिकी निगाहें!
रीवा : नगर परिषद गुढ़ की राजनीति में अब बड़ा सियासी उलटफेर तय माना जा रहा है। अध्यक्ष अर्चना सिंह के खिलाफ पार्षदों की लामबंदी अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। अध्यक्ष को पद से वापस बुलाने के लिए 15 निर्वाचित पार्षदों में से 12 पार्षदों द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव को नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने प्रशासकीय अनुमोदन दे दिया है।
इसके बाद 17 नवंबर 2026 को शासन ने प्रस्ताव मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दिया। अब इस पूरे मामले में आयोग की अगली कार्रवाई का इंतजार है।
15 में से 12 पार्षदों ने किए हस्ताक्षर, अध्यक्ष के खिलाफ मजबूत मोर्चेबंदी
नगर परिषद गुढ़ में कुल 15 निर्वाचित पार्षद हैं। इनमें से 12 पार्षदों ने अध्यक्ष अर्चना सिंह को पद से वापस बुलाने के प्रस्ताव पर हस्ताक्षर किए हैं।यह संख्या कुल निर्वाचित पार्षदों के तीन-चौथाई से भी अधिक है।इतनी बड़ी संख्या में पार्षदों का एकजुट होना ही बता रहा है कि अध्यक्ष को परिषद के अंदर बहुमत का समर्थन अब नहीं रहा। गुढ़ में अब चर्चा यही है -जब 12 पार्षद ही खिलाफ हो गए, तो कुर्सी कैसे बचेगी?
कलेक्टर की जांच के बाद भोपाल से मिली हरी झंडी
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव प्रमोद कुमार शुक्ला द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्रस्ताव का समाधान एवं सत्यापन कलेक्टर रीवा द्वारा किया गया था।कलेक्टर ने 15 जून 2026 को पत्र क्रमांक 202/प्रवा.कले./2026 के माध्यम से प्रस्ताव शासन को भेजा था। इसके बाद नगरीय विकास एवं आवास मंत्री के प्रशासकीय अनुमोदन के उपरांत विभाग ने 17 नवंबर को मामला राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दिया।
यानी ये सिर्फ पार्षदों की चिट्ठी नहीं है। कलेक्टर की जांच, शासन का अनुमोदन - हर स्तर से हरी झंडी मिल चुकी है।
अब निर्वाचन आयोग के पाले में गेंद, धारा 47(3) के तहत आगे की प्रक्रिया
शासन ने मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 47(3) के तहत आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेजा है। अब आयोग के स्तर पर निर्धारित कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
हालांकि,यह समझना जरूरी है कि शासन की मंजूरी और प्रस्ताव आयोग को भेजे जाने का अर्थ अध्यक्ष को तत्काल पद से हटाया जाना नहीं है। अंतिम निर्णय आयोग की वैधानिक प्रक्रिया के बाद ही होगा।
गुढ़ में जल्द अध्यक्ष पद के चुनाव के दिख रहे आसार
इस पूरे घटनाक्रम के बाद गुढ़ की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अर्चना सिंह की अध्यक्ष पद की कुर्सी बच पाएगी या नगर परिषद को नया अध्यक्ष मिलेगा? यदि निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अध्यक्ष को पद से वापस बुलाया जाता है और पद रिक्त होता है, तो नियमानुसार आगे की व्यवस्था एवं निर्वाचन की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
फिलहाल निर्वाचन आयोग की ओर से न तो कोई अंतिम निर्णय आया है और न ही चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया गया है। लेकिन 15 में से 12 पार्षदों का समर्थन और शासन की ओर से प्रस्ताव निर्वाचन आयोग भेजे जाने के बाद गुढ़ नगर परिषद की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
अब सबकी निगाहें निर्वाचन आयोग के अगले कदम पर टिकी हैं। क्या गुढ़ में सत्ता परिवर्तन होगा, या अर्चना सिंह कोई कानूनी दांव चलकर कुर्सी बचा लेंगी?
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.