रविवार को बंद कार्यालय से जारी हुए धान के DO और चालान!

रीवा :  22 नवंबर को अवकाश के दिन DO जारी होने का आरोप,GPS लोकेशन ट्रेस कर जिम्मेदार अधिकारियों और ऑपरेटरों की भूमिका की जांच की मांग,धुमा क्रमांक-10 से धान आवंटन में पक्षपात का भी आरोप!

मध्य प्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन (नागरिक आपूर्ति निगम) रीवा की कार्यप्रणाली पर विंध्य राइस मिल एसोसिएशन ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। एसोसिएशन ने आरोप लगाया है कि 22 नवंबर 2026 को रविवार और शासकीय अवकाश होने के बावजूद विभागीय पोर्टल से लगातार धान के डिलीवरी ऑर्डर (DO) और परिवहन चालान जारी किए गए, जबकि जिला कार्यालय बंद था।
एसोसिएशन ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर DO जारी करने वाले लॉगिन, GPS लोकेशन और संबंधित अधिकारियों एवं ऑपरेटरों की भूमिका की पड़ताल कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत, वीडियो साक्ष्य का दावा

एसोसिएशन के अध्यक्ष शशांक शेखर शुक्ला सहित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव,खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत,विभाग के अपर मुख्य सचिव और नागरिक आपूर्ति निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजी है। शिकायत में बंद कार्यालय का वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने का भी दावा किया गया है।

धुमा क्रमांक-10 के DO को लेकर भी विवाद

एसोसिएशन ने 25 नवंबर को जिला प्रबंधक पर धान आवंटन में पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि धुमा क्रमांक-10 गोदाम से DO मांगने पर जिला प्रबंधक ने कथित तौर पर कहा कि हम DO नहीं दे सकते, हमारी मजबूरी है, समझा करें।'
एसोसिएशन का आरोप है कि कुछ चुनिंदा राइस मिलर्स को प्राथमिकता देकर धान के DO जारी किए जा रहे हैं, जबकि अन्य मिलर्स को धान आवंटन से वंचित किया जा रहा है।

बिना DO धान उठाव का भी आरोप

शिकायत में एक और गंभीर आरोप लगाया गया है कि कुछ गोदामों से वैध डिलीवरी ऑर्डर जारी किए बिना ही धान का आवंटन और उठाव कराया जा रहा है। एसोसिएशन ने इसे सरकारी स्टॉक की पारदर्शिता और वितरण व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए गोदामों के रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक का मिलान कराने की मांग की है।

GPS लोकेशन और लॉगिन की जांच की मांग

एसोसिएशन ने मांग की है कि -
1. 22 नवंबर को जारी सभी DO और चालानों का डिजिटल रिकॉर्ड खंगाला जाए
2. संबंधित लॉगिन की IP डिटेल, GPS लोकेशन, समय और ऑपरेटर की पहचान की जाए
3. संदिग्ध चालानों की जांच और संबंधित गोदामों का भौतिक सत्यापन कराया जाए
4. धुमा क्रमांक-10 सहित अन्य गोदामों से धान आवंटन की निष्पक्ष जांच कराई जाए

एसोसिएशन ने दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर निलंबन सहित कठोर कार्रवाई तथा सभी राइस मिलर्स को समान आधार पर धान आवंटित करने की व्यवस्था बनाने की मांग की है।

अब बड़ा सवाल - बंद कार्यालय से DO कहां से जारी हुए?

अब बड़ा सवाल यह है कि जब 22 नवंबर को कार्यालय बंद था, तब विभागीय सिस्टम से DO और चालान कहां से जारी हुए? क्या विभाग के अधिकृत लॉगिन का इस्तेमाल कार्यालय के बाहर से किया गया? और यदि सब कुछ नियमानुसार हुआ तो संबंधित डिजिटल रिकॉर्ड और आवंटन प्रक्रिया सार्वजनिक जांच के दायरे में क्यों न लाई जाए?
इन सवालों पर अब नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों का पक्ष और विभागीय जांच का परिणाम महत्वपूर्ण होगा।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.