सिरमौर चौराहे पर पुलिस का डंडा, खुले में शराबखोरी और सड़क पर कब्जा करने वालों में मचा हड़कंप

रीवा :  रीवा में अब सड़क पर मनमानी और खुलेआम शराबखोरी नहीं चलेगी! शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सिरमौर चौराहे पर मोर्चा खोल दिया है। शराब दुकान के आसपास ठेले लगाकर सड़क घेरने वालों और खुलेआम जाम छलकाने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई। पुलिस की टीम पहुंचते ही शराबियों में भगदड़ मच गई। कोई बोतल छोड़कर भागा तो कोई मौके से खिसकता नजर आया। सवाल यह है कि आखिर अब तक सड़क को शराबखोरी और अतिक्रमण का अड्डा किसकी शह पर बनाया गया था?

दरअसल, रीवा के सिरमौर चौराहे पर शराब दुकान के आसपास लंबे समय से सड़क किनारे ठेलों का जमावड़ा और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं। इससे न सिर्फ यातायात बाधित हो रहा था, बल्कि आम राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अमहिया थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। ठेला संचालकों को सड़क पर कब्जा नहीं करने और निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगाने की हिदायत दी गई। वहीं खुलेआम शराब पी रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ दिया। कार्रवाई होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शराब पी रहे लोग बोतलें छोड़कर भाग निकले।
अमहिया थाना प्रभारी मनोज गौतम ने स्पष्ट किया कि सड़क पर अव्यवस्था फैलाने, यातायात बाधित करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या पुलिस की यह सख्ती स्थायी साबित होगी या फिर कार्रवाई के बाद कुछ दिनों में सिरमौर चौराहा दोबारा अतिक्रमण और खुलेआम शराबखोरी का अड्डा बन जाएगा? शहर की जनता को कार्रवाई के दिखावे की नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की जरूरत है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.