भट्टा बनकुइंया में खदानों में अंधाधुंध खुदाई, पूरे इलाके में खाई जैसे हालात!

रीवा : जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बेला बैजनाथ व भट्टा बनकुइंया क्षेत्र में पत्थर खदानों में हो रही बेतहाशा खुदाई ने अब पूरे इलाके को खाई में तब्दील कर दिया है। जहां कभी समतल जमीन थी,वहां अब गहरे-गहरे गड्ढे और खाई जैसे हालात निर्मित हो गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान संचालकों द्वारा लीज की शर्तों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। पत्थर निकालने के नाम पर इतनी गहरी और बेतरतीब खुदाई की जा रही है कि जमीन का स्वरूप ही बदल गया है।

खदान नहीं, अब खाई नजर आती है

ग्रामीणों का कहना है कि खदान क्षेत्र में जाने पर ऐसा लगता है जैसे किसी ने पूरी जमीन को खोदकर खाई बना दी हो। बरसात के दिनों में इनमें पुरी तरह से पानी भर जाता है, जिससे हादसे का खतरा और बढ़ जाता है। मवेशियों के गिरने और बच्चों के लिए यह इलाका अब बेहद खतरनाक हो गया है।

सबसे बड़ा सवाल - क्या इसी के लिए मिली थी लीज?

ग्रामीण अब शासन से सवाल पूछ रहे हैं कि क्या लीज इसी तरह से पत्थर की खुदाई के लिए दी जाती है कि पूरी जमीन को खाई में बदल दिया जाए?
नियमों के अनुसार खदान में वैज्ञानिक तरीके से, तय गहराई और तय सीमा में ही उत्खनन होना चाहिए। लेकिन बेला बैजनाथ व भट्टा बनकुइंया क्षेत्र में हालात देखकर लगता है कि नियम सिर्फ कागजों पर हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने मांग की है कि -
1. बेला बैजनाथ व भट्टा बनकुइंया की सभी खदानों की तत्काल जांच कराई जाए
2. लीज की शर्तों के उल्लंघन पर खनन विभाग कार्रवाई करे
3. गहरे गड्ढों को भरने और क्षेत्र को सुरक्षित करने के निर्देश दिए जाएं
4. अवैध और अधिक खुदाई करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह इलाका कभी भी किसी बड़े हादसे की वजह बन सकता है।

अब सबकी निगाहें खनन विभाग और प्रशासन पर टिकी हैं। क्या बेला बैजनाथ व भट्टा बनकुइंया में खदानों की जांच होगी,या खाई बनती जाएगी और प्रशासन चुप रहेगा?

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.