अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रथम रीवा आगमन
रीवा : विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष, रीवा के गौरव प्रो.रघुराज किशोर तिवारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रथम बार रीवा पहुंचने वाले हैं। प्रो.रघुराज किशोर तिवारी देहरादून में आयोजित विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करके सड़क मार्ग से रीवा पहुंच रहे हैं। प्रो. तिवारी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद से रीवा के सभी स्थाई एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर है।प्रो. (डॉ.) रघुराज किशोर तिवारी मूल रूप से रीवा, मध्य प्रदेश के निवासी हैं। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर से कृषि विज्ञान में पीएचडी तक की शिक्षा प्राप्त की। वर्तमान में वे इसी विश्वविद्यालय के रीवा परिसर में कृषि विज्ञान विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। वे 1987 से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से जुड़े रहे हैं। एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में वे कृषि महाविद्यालय, रीवा के छात्र संघ के निर्वाचित अध्यक्ष और महाकौशल प्रांत के प्रदेश सचिव भी रहे। ऐसे में प्रथम नगर आगमन पर नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए कार्यकर्ता पूरे ज़ोर शोर से तैयारी में लगे हैं। विद्यार्थी परिषद रीवा नगर के कार्यकर्ताओं द्वारा जेएनसीटी कॉलेज से लेकर विवेकानंद पार्क तक भव्य रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में सभी वर्तमान एवं पूर्व कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। रीवा नगर के सभी सामाजिक संगठनों द्वारा भी रैली मार्ग के विभिन्न स्थानों में स्वागत की तैयारी की गई है। रैली का समापन विवेकानंद पार्क में विवेकानंद जी के प्रतिमा में माल्यार्पण एवं पुष्पारचन के साथ होगा।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.