UGC कानून देश की एकता, अखंडता के लिए घातक और सामाजिक सौहार्द के लिए विषाक्त- गिरिजेश कुमार पाण्डेय
रेवा : केंद्र की सत्तारूढ़ मोदी सरकार द्वारा पारित UGC बिल को देश की एकता और अखंडता के लिए एक गंभीर संकट बताते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी गिरिजेश कुमार पाण्डेय ने तीखा हमला बोला है ! प्रेस को जारी विज्ञप्ति में श्री पाण्डेय ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इस बिल के माध्यम से देश के भीतर नफरत, हिंसा और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का एक कुत्सित प्रयास किया है ! उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सदैव सत्ता हथियाने के उद्देश्य से ऐसे ही नकारात्मक एजेंडों को प्राथमिकता दी है, जिससे जनता की भावनाओं को भड़काकर राष्ट्र को अस्थिरता की गहरी खाई में धकेला जा सके !श्री पाण्डेय ने कहा कि यह बिल पूरी तरह से एक सुनियोजित गृहयुद्ध की साजिश जैसा प्रतीत होता है, क्योंकि इसके लागू होने के बाद से समाज के भीतर विरोध और समर्थन का जो परस्पर टकराव दिखाई दे रहा है, वह हमारे सदियों पुराने सौहार्दपूर्ण वातावरण को नष्ट करने का मुख्य कारक बन चुका है ! विज्ञप्ति के माध्यम से श्री पाण्डेय ने इतिहास का स्मरण कराते हुए कहा कि देश में पूर्व में भी इस तरह के कई षड्यंत्र रचे गए थे, जिन्हें भारत के प्रबुद्ध समाज ने कभी कामयाब नहीं होने दिया ! उन्होंने कहा कि जब देश में मंडल कमीशन लागू किया गया था, तब भी समाज में इसी प्रकार का मंजर व्याप्त था ! उसके पश्चात नीला झंडा लेकर कुछ छद्म विग्रहकारियों ने "तिलक, तराजू और तलवार, इनको मारो जूते चार" जैसे नफरती स्लोगन देकर जातीय विषवमन की घृणित कोशिशें की थीं, लेकिन जागरूक समाज ने उन ताकतों को भी धूल चटा दिया था, श्री पाण्डेय ने कड़े शब्दों में कहा कि जो हश्र मंडल कमीशन लाने वालों का हुआ और जो पतन नीला झंडा लेकर नफरती नारे लगाने वालों का हुआ है, वही पतन अब UGC बिल लाने वालों का भी पूरी तरह से सुनिश्चित हो चुका है !
उन्होंने अपील किया है कि एक बार फिर UGC रूपी नकारात्मक सोच और इस बड़ी साजिश को विफल करने के लिए देश के सभी प्रबुद्धजनों को अपनी महती भूमिका का निर्वहन करने हेतु आगे आना होगा !विगत दिवस रीवा जिला मुख्यालय में भाजपाई एजेंडे और UGC बिल के समर्थन में हुए कथित आंदोलन एवं मार्ग अवरुद्ध करने की घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए श्री पाण्डेय ने कहा कि कुछ मुट्ठी भर लोगों ने केवल सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से सवर्ण समाज के विरुद्ध नारेबाजी कर अमन चैन पसंद रीवावासियो को उकसाने की चेष्ठा किया, इन अराजक तत्वों ने शांतिप्रिय शहर में न केवल उत्पात मचाया, बल्कि सड़कों पर जाम लगाकर आम जनता को घंटों परेशान करने की भरपूर कोशिश की ! श्री पाण्डेय ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इन उत्पातियों ने न तो जुलूस के लिए कोई वैध अनुमति ली थी और बाद में प्रशासन को 'कुत्ता' निरूपित करते हुए कुत्ते के गले में ज्ञापन डालकर एक घोर निंदनीय, अमानवीय और असंवैधानिक कृत्य कारित किया है जिसके विरुद्ध कानून सम्मत कार्यवाही किया जाय ताकि भविष्य में ऐसी हरकतें कोई करने की कोशिश न करे ! श्री पाण्डेय ने अंत में आह्वान किया कि अब वह समय आ गया है जब समाज प्रेमी और जागरूक नागरिक समाज को छिन्न-भिन्न होने से बचाने के लिए एकजुट हों और भाजपा सरकार द्वारा समाज को बांटने की इन तमाम कोशिशों को पूरी शक्ति के साथ नाकाम करें !
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.