एसडीएम कार्यालय घटना पर ज्ञापन के बाद भी कार्यवाही न होने से,पत्रकारों में रोष

रीवा : खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले से है जहां बीते दिनों एसडीएम कार्यालय में कवरेज के दौरान पत्रकार के साथ मारपीट एवं मोबाइल तोड़े जाने के मामले में अब तक प्रशासन द्वारा कोई भी ठोस कार्यवाही न किए जाने से पत्रकारों में आक्रोश व्याप्त है।

ज्ञापन के बाद भी कार्यवाही शून्य

घटना के संबंध में राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) जिला रीवा इकाई द्वारा पूर्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्यवाही की मांग की गई थी, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो किसी जिम्मेदार पर कार्यवाही हुई और न ही कोई स्पष्ट जांच रिपोर्ट सामने आई है।

संगठन के नेतृत्व में उठा मामला

यह मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में तथा प्रदेश अध्यक्ष मध्यप्रदेश अमित द्विवेदी  एवं प्रदेश उपाध्यक्ष मध्यप्रदेश शिवम् पाठक के नेतृत्व में उठाया गया था, जिसमें जिला इकाई के पदाधिकारियों द्वारा प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की गई थी।

सीसीटीवी फुटेज भी नहीं हुई सार्वजनिक

पत्रकारों का कहना है कि कलेक्टर द्वारा जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद भी अब तक न तो सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक की गई और न ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही की गई है। इससे पत्रकारों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ता जा रहा है।

आंदोलन की चेतावनी

परिषद के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र ही इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्यवाही नहीं की गई, तो संगठन मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाएगा। जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

पत्रकार सुरक्षा पर समझौता नहीं

उन्होंने स्पष्ट कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन से सख्त कार्यवाही की मांग

पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द दोषियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.