ग्राम पंचायत रूपौली में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़क हुई जर्जर
रीवा - जिले के ग्राम पंचायत रूपौली से है जहां ग्राम रूपौली के प्रवेश द्वार से लेकर तालाब किनारे स्थित पंचायत भवन तक बनाई गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क अब पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सड़क की खस्ता हालत को देखकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार,सड़क पर चलना अब मुश्किल हो गया है। गहरे गड्ढे और उबड़-खाबड़ सतह की वजह से रोजाना दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है। कुछ दिन पहले ठेकेदार ने मरम्मत के नाम पर गड्ढों में सिर्फ गिट्टी भर दी। न तो डामरीकरण किया गया और न ही रोलर चलाया गया। परिणामस्वरूप गिट्टी चारों तरफ बिखर गई है,जिससे सड़क और भी खतरनाक हो गई है। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार से संपर्क कर शिकायत की,लेकिन ठेकेदार ने न तो कोई संतोषजनक जवाब दिया और न ही उचित मरम्मत का काम शुरू किया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार मनमानी कर रहा है और गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ कर रहा है। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई थी, जिसका मकसद गांवों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना था। लेकिन फिलहाल यह योजना ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बन गई है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत की मांग की है,ताकि उनकी रोजमर्रा की परेशानी जल्द दूर हो सके।
रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी

No Previous Comments found.