पटेहरा पुल पर बिछे पाइपलाइन को लेकर मचा घमासान एनसीसी कंपनी पर लगे मनमानी के आरोप

रेवा - जल जीवन मिशन के तहत कार्य कर रही जल निगम के ठेकेदार एनसीसी कंपनी की कार्यशैली एक बार फिर से सवालों के घेरे में है। जवा तहसील क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा में टमस नदी पर बने पुल के ऊपर पाइपलाइन बिछाने को लेकर गंभीर विवाद सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग रीवा ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए पाइपलाइन को तत्काल हटाने के निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के मुताबिक, एनसीसी कंपनी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है लेकिन इस कार्य में लगातार की जा रही गड़बड़ी एवं अनियमितता की शिकायतें मिल रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी द्वारा कई स्थानों पर सड़कों को खोदकर अधूरा छोड़ दिया गया, इंटेकवेल निर्माण कार्य में गुणवत्ता का अभाव रहा और कई जगह पाइपलाइन में दरारें भी देखी गई हैं। पटेहरा पुल के मामले में जोन्हा सरपंच एवं कांग्रेस नेता धनेंद्र द्विवेदी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि पुल के ऊपर से पाइपलाइन ले जाने से संरचना पर अतिरिक्त भार पड़ेगा, जिससे पुल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ सकता है। इस पर विभाग ने पूर्व में ही कार्य पर रोक लगाते हुए स्पष्ट चेतावनी दी थी कि नियमों का उल्लंघन होने पर निर्माण कार्य को हटाया जाएगा। मामले को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका भी दायर की गई है, जो अभी विचाराधीन है। इसके बावजूद एनसीसी कंपनी द्वारा विभागीय आदेशों को नजरअंदाज करते हुए पुल के ऊपर पाइपलाइन बिछा दी गई। इस पर शिकायतकर्ता ने कंपनी पर तानाशाही एवं मनमानी रवैया अपनाने का आरोप लगाया है और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ न्यायालय की अवमानना पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग रीवा ने 8 अप्रैल 2026 को मध्यप्रदेश जल निगम मर्यादित परियोजना क्रियान्वयन इकाई के महाप्रबंधक को पत्र जारी किया। पत्र में उल्लेख किया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 135बी (रीवा-सिरमौर डभौरा मार्ग) स्थित टमस नदी के पुल पर बिना अनुमति पाइपलाइन बिछाना नियमों का उल्लंघन है और इससे पुल की संरचना को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। साथ ही ग्राम अतरैला में पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई सड़क की मरम्मत सही ढंग से नहीं किए जाने से मार्ग दलदल में तब्दील हो गया है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और भारी वाहन फंसने से आवागमन बाधित हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए है कि पुल के ऊपर बिछाई गई पाइपलाइन को तत्काल हटाया जाए और अतरेला में क्षतिग्रस्त मार्ग को शीघ्र पूर्व स्थिति में लाया जाए। अन्यथा राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.