जमीनी विवाद ने पकड़ा तूल कांग्रेस विधायक पर कब्जे का आरोप,पीड़ित ने प्रेसवार्ता में सुनाई आपबीती

रीवा : रीवा जिले के तहसील हुजूर अंतर्गत अटरिया-करहिया बाईपास क्षेत्र में जमीन विवाद का मामला लगातार गरमाता जा रहा है।तीरथ प्रसाद खटिक ने सेमरिया विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा एवं उनके समर्थकों पर उनकी निजी भूमि पर जबरन कब्जा करने का गंभीर आरोप लगाया है।पीड़ित ने प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी भूमि खसरा क्रमांक 419/2/1 (रकबा 0.15 डिसमिल) पर स्थित है, जिसे उन्होंने 30 जून 2023 को विधिवत क्रय किया था। भूमि का नामांतरण भी उनके नाम दर्ज हो चुका है और उन्होंने विक्रय पत्र में उल्लेखित चौहद्दी के अनुसार बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया था।

बाउंड्री तोड़ने और कब्जे की कोशिश का आरोप
प्रेसवार्ता में पीड़ित ने आरोप लगाया कि 12अप्रैल 2026 को उनकी अनुपस्थिति में उनकी बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया गया।इसके बाद आरोपित पक्ष द्वारा उसी भूमि पर नई बाउंड्री बनाकर कब्जा करने कीकोशिश की जा रही है।उन्होंने बताया कि पड़ोसी भूमि स्वामी पार्थ टोल हाईवे इंडिया लिमिटेड द्वारा पूर्व में की गई भूमि विक्रय प्रक्रिया में चौहद्दी में हेरफेर किया गया,
जिससे उनकी जमीन को नजरअंदाज करते हुए दक्षिण दिशा में एनएच बायपास मार्ग दर्शा दिया गया, जबकि वास्तविकता में उनकी भूमि वहां स्थित है।

सीमांकन विवाद और न्यायालय में मामला विचाराधीन
पीड़ित के अनुसार उन्होंने सीमांकन के लिए आवेदन दिया था,लेकिन उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई। वहीं आरोप है कि विपक्षी पक्ष ने बिना सूचना दिए हल्का पटवारी से मिलकर सीमांकन करा लिया। इस पर उन्होंने तहसील न्यायालय में आपत्ति दर्ज कराई है, जो वर्तमान में विचाराधीन है।

राजनीतिक दबाव में निर्माण का प्रयास

पीड़ित ने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उनकी भूमि पर ईंट, गिट्टी गिराकर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी की जा रही है। मजदूर भी मौके पर एकत्र किए गए हैं। उनका कहना है कि यदि जबरन कब्जा कर लिया गया तो उन्हें अपूरणीय क्षति होगी।

जान का खतरा जताया

प्रेसवार्ता में तीरथ प्रसाद खटिक ने यह भी कहा कि घटना के बाद से एक संदिग्ध कार लगातार उनका पीछा कर रही है, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर भय है। उन्होंने कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पक्ष की होगी।

प्रशासन से की ये मांग

पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि
* विवादित भूमि पर हो रहे निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए।
* निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाए।
* सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने तक यथास्थिति बनाए रखी जाए।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाना चोरहटा में शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
फिलहाल, मामला तहसील न्यायालय में विचाराधीन है और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.