NEET 2026 पेपर लीक के विरोध में जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में NSUI का प्रदर्शन

 रीवा - NEET 2026 परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं एवं कथित पेपर लीक के विरोध में आज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने रीवा जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में कलेक्टर के हाथों राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देश के लाखों छात्र-छात्राएं दिन-रात कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक अब एक सामान्य घटना बन चुकी है, जिससे छात्रों का परीक्षा प्रणाली पर से भरोसा लगातार कमजोर होता जा रहा है।इस संबंध में NSUI जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि NEET 2026 परीक्षा को लेकर देशभर में गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित प्रश्नपत्र एवं परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों की समानता ने छात्रों के बीच भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित और असुरक्षित महसूस कर रहा है। सरकार युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा एवं रोजगार देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। यदि छात्रों के भविष्य के साथ इसी प्रकार खिलवाड़ जारी रहा तो NSUI छात्रहित में बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो NSUI द्वारा रीवा में विशाल मशाल जुलूस निकाला जाएगा एवं मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के आवास का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष सत्यम मिश्रा, रीवा विधानसभा अध्यक्ष संस्कार त्रिपाठी, टीआरएस इकाई अध्यक्ष नित्कर्ष मिश्रा, विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विष्णुवर्धन सिंह, ऋतिक तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.