भमरा में रवि पांडेय और बालेंद्र सिंह ने सुधारी सड़क, पंचायत की कार्यशैली पर उठे सवाल

रीवा : खबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भमरा से है,जहां आजादी के 79 वर्ष बाद भी साहू बस्ती देवी टोला के ग्रामीण मूलभूत सड़क सुविधा के लिए तरस रहे हैं। क्षेत्र की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ी हुई थी। हालत यह हो चुकी थी कि सड़क कम और गड्ढे ज्यादा दिखाई देने लगे थे, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार ग्राम पंचायत के सरपंच नदलाल साकेत एवं सचिव अनिल दुबे के समक्ष शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद सड़क निर्माण या मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई। पंचायत की उदासीनता से नाराज होकर समाजसेवी एवं आम आदमी पार्टी रीवा जिला उपाध्यक्ष रवि पांडेय तथा बालेंद्र सिंह ने आगे आकर अपने निजी खर्च से सड़क का मुरमीकरण कार्य कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत द्वारा विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास दिखाई नहीं देता।
ग्रामीणों ने कहा कि जब जनता को खुद चंदा और निजी सहयोग से सड़क सुधारने के लिए मजबूर होना पड़े, तो यह पंचायत व्यवस्था और विकास कार्यों की वास्तविकता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। वहीं समाजसेवियों की इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए इसे जनहित में किया गया सराहनीय कार्य बताया है।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.