"पंडित जी पायलागू" वीडियो पर विवाद गहराया, महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज
रीवा : सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक विवादित वीडियो को लेकर रीवा जिले में नया विवाद खड़ा हो गया है। "पंडित जी पायलागू" कहकर ब्राह्मण समाज को लेकर बनाए गए एक वीडियो पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है तथा संबंधित महिला के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
वायरल वीडियो में एक महिला ब्राह्मण समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करती दिखाई और सुनाई दे रही है। वीडियो में महिला यह कहते हुए नजर आ रही है कि "पंडित जी पायलागू" बोलकर उन्हें सिर पर चढ़ाया गया है तथा कथा, भागवत, शादी-विवाह और गृह प्रवेश जैसे धार्मिक अनुष्ठानों को बंद कर देना चाहिए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई और लोगों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया।
सोशल मीडिया पर वायरल दावों के अनुसार वीडियो में दिखाई देने वाली महिला का नाम दामिनी पटेल (भोली) बताया जा रहा है, जो अमिलकी गांव की निवासी बताई जा रही है। हालांकि, संबंधित महिला की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है और न ही प्रशासन अथवा पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई औपचारिक बयान जारी किया गया है।
इसी बीच एक दूसरा वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वही महिला अपने पहले बयान पर खेद व्यक्त करती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला समाज से माफी मांगते हुए अपने बयान पर पछतावा जाहिर करती नजर आ रही है।
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाज के लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.