गोविंदगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दुष्कर्म और नाबालिग के अपहरण के दो मामलों में आरोपी गिरफ्तार

रीवा : रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई को महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण के प्रति गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।
डीएसपी उदित मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि पहला मामला थाना क्षेत्र के मड़वा गांव का है। यहां एक विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक स्थानीय युवक ने उसके घर में जबरन प्रवेश कर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला सामने आते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। महिला सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील प्रकरण को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारियों की निगरानी में जांच की गई तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं दूसरे मामले में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बहन को एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। नाबालिग बालिका के अपहरण की सूचना मिलते ही गोविंदगढ़ पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे भी जेल भेज दिया गया।
डीएसपी उदित मिश्रा ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.