धान बिक्री के 3.34 लाख रुपये नहीं मिलने पर किसान ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

रेवा - अमरपाटन तहसील के ग्राम परसवाही निवासी किसान रावेन्द्र कुमार साहू ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर धान बिक्री की राशि नहीं मिलने के मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

कलेक्टर को सौंपे गए शिकायत पत्र में रावेन्द्र कुमार साहू ने बताया कि उन्होंने 16 जनवरी 2026 को अपने द्वारा उत्पादित 353 बोरी धान की बिक्री राकेश पटेल उर्फ नन्हे के धान पंजीयन के माध्यम से रामलला स्व सहायता समूह, कांसा में की थी। धान बिक्री की कुल राशि 3 लाख 34 हजार 502 रुपये राकेश पटेल उर्फ नन्हे के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में हस्तांतरित हुई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस लेन-देन से संबंधित टीप एवं रजिस्टर में हस्ताक्षर भी कराए गए थे, जिसकी पुष्टि रामलला स्व सहायता समूह के सदस्य भी करने को तैयार हैं। रावेन्द्र कुमार साहू के अनुसार,धान बिक्री के बाद उन्होंने कई बार अपनी राशि की मांग की, लेकिन राकेश पटेल उर्फ नन्हे लगातार आज-कल कहकर उन्हें टालता रहा। करीब चार माह तक आश्वासन देने के बाद अब वह राशि देने से साफ इनकार कर रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि राकेश पटेल का कहना है कि पैसा उसके खाते में आया है, इसलिए वह उसी का है और वह किसी प्रकार का भुगतान नहीं करेगा।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि ग्राम परसवाही निवासी विजय पटेल ने ही उन्हें अपने भांजे राकेश पटेल उर्फ नन्हे के खाते में धान बेचने की सलाह दी थी तथा स्वयं इसकी गारंटी ली थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों से उसके अच्छे संबंध थे, इसलिए उसने विश्वास के आधार पर यह लेन-देन किया, लेकिन अब उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पीड़ित किसान ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए राकेश पटेल उर्फ नन्हे के खिलाफ धोखाधड़ी एवं अमानत में खयानत सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा उसकी बकाया राशि दिलाने की मांग की है।

रिपोर्टर - अर्जुन तिवारी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.