बकिया बराज से बीड़ा तक बनी 12 किमी सड़क में व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप

बकिया बराज से बीड़ा तक बनी 12 किमी सड़क में व्यापक भ्रष्टाचार के आरोप, शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ निराकरण

रीवा- जिले के बकिया बराज से बीड़ा तक लगभग 12 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। यह सड़क टोंस हाइडल प्रोजेक्ट के अंतर्गत बाणसागर नहर के किनारे निर्मित की गई है, जहां निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
शिकायतकर्ता अर्जुन तिवारी का आरोप है कि सड़क निर्माण में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के ठेकेदार द्वारा मानकों की अनदेखी करते हुए व्यापक भ्रष्टाचार किया गया है। इस संबंध में उन्होंने कई बार सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आज तक मामले का संतोषजनक निराकरण नहीं किया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि विभाग द्वारा शिकायतों का निष्पक्ष परीक्षण कराने के बजाय बार-बार गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि शिकायत दर्ज होने के बाद भी संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर सड़क का भौतिक निरीक्षण नहीं किया गया और न ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण की तकनीकी जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी या उच्च स्तरीय समिति से कराई जाए तो निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताएं उजागर हो सकती हैं। उनका आरोप है कि निर्माण में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया गया, जिससे सड़क की स्थिति समय से पहले खराब होने लगी है।
शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन एवं शासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सड़क निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण कराया जाए तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के वास्तविक तथ्यों के आधार पर निराकरण कर शिकायतकर्ता को न्याय दिलाया जाए।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण में लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराता है और जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई करता है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.