पत्रकार के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी, सेमरिया थाने में मामला दर्ज
रीवा : रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रूपौली में एक पत्रकार के साथ मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम रूपौली निवासी अर्जुन तिवारी ने सेमरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 7 जून की रात करीब 10:30 बजे गांव का ही निवासी विपेन्द्र उर्फ विपिन तिवारी उनके घर के सामने आकर गाली-गलौज कर रहा था। फरियादी के अनुसार जब उन्होंने आरोपी को शोर-शराबा और अभद्रता करने से मना किया तो वह आगबबूला हो गया और अपशब्द कहने लगा।
आरोप है कि इसी दौरान विपिन तिवारी ने अर्जुन तिवारी का गला पकड़ लिया तथा उनके गाल और सीने पर कई थप्पड़ मार दिए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे श्रवण तिवारी, रोहित तिवारी एवं अतुल तिवारी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जाते समय आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट की घटना में अर्जुन तिवारी के गाल और सीने में चोट एवं दर्द होने की बात कही गई है। मामले की शिकायत मिलने पर सेमरिया पुलिस ने आरोपी विपेन्द्र उर्फ विपिन तिवारी निवासी ग्राम रूपौली के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी), 115(2) एवं 351(3) के तहत अपराध क्रमांक 365/2026 दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण की विवेचना कार्यवाहक प्रधान आरक्षक पुष्पराज तिवारी को सौंपी गई है। मामले की जांच जारी है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.