प्रार्थी ने पटवारी पर लगाए मुश्तरका भूमि से नाम हटाने का आरोप,मनमानी और धमकी देने की शिकायत
रीवा : रीवा जिले के मनगवां तहसील क्षेत्र के ग्राम बुडवा निवासी सुदर्शन प्रसाद मिश्रा ने रामपुर हल्का के पटवारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी पुश्तैनी एवं मुश्तरका भूमि से बिना किसी वैधानिक आदेश और बिना सूचना दिए उनका नाम हटा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुदर्शन प्रसाद मिश्रा पिता अयोध्या प्रसाद मिश्रा,निवासी ग्राम बुडवा,पोस्ट जोरौट, तहसील मनगवां, जिला रीवा ने बताया कि ग्राम रामपुर, पटवारी हल्का सिरसा स्थित आराजी क्रमांक 8 में उनका पुश्तैनी अधिकार एवं कब्जा है। आरोप है कि संबंधित पटवारी वीरेंद्र कुमार तिवारी द्वारा बिना किसी आदेश एवं पूर्व सूचना के उनके नाम को भूमि अभिलेखों से हटा दिया गया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में पटवारी से जानकारी मांगी तो संतोषजनक जवाब देने के बजाय कथित रूप से उन्हें धमकाया गया। आरोप है कि पटवारी ने कहा कि उसने जो किया है वह सही किया है तथा भविष्य में पूरी जमीन से नाम हटाने की भी बात कही। शिकायतकर्ता के अनुसार विरोध करने पर पटवारी ने कथित तौर पर यह भी कहा कि उसका स्थानांतरण कहीं भी हो सकता है और वे जीवनभर अपनी जमीन के लिए परेशान होते रहेंगे।
सुदर्शन प्रसाद मिश्रा ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत एसडीएम कार्यालय में भी की थी,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि शिकायत की प्रति भी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कथित रूप से पटवारी द्वारा फोन कर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया।
पीड़ित ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित पटवारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा भूमि अभिलेखों में हुई कथित गड़बड़ी को सुधारने की मांग की है। वहीं मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासनिक अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.