लैन बधरी पंचायत के विकास कार्यों पर उठे सवाल, बिल-वाउचर की अस्पष्टता से नाराज ग्रामीण
रीवा : रीवा जिले के सिरमौर जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लैन बधरी में विकास कार्यों की पारदर्शिता को लेकर ग्रामीणों ने सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों से संबंधित बिल,वाउचर एवं अन्य वित्तीय दस्तावेज स्पष्ट और पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक नहीं किए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के खर्च और विकास कार्यों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध तो कराई जा रही है, लेकिन अपलोड किए गए दस्तावेज इतने अस्पष्ट हैं कि उनकी सत्यता,लागत, गुणवत्ता एवं भुगतान संबंधी विवरणों का सही ढंग से परीक्षण नहीं किया जा सकता। इससे पंचायत के वित्तीय लेन-देन की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्पष्ट जानकारी उपलब्ध न होने के कारण आमजन को वास्तविक स्थिति से अवगत नहीं कराया जा रहा है,जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उनका कहना है कि पंचायत प्रशासन को विकास कार्यों से जुड़े सभी दस्तावेज साफ और पठनीय रूप में सार्वजनिक करने चाहिए,ताकि जनता स्वयं खर्च और कार्यों की गुणवत्ता का आकलन कर सके।
ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, विकास कार्यों के बिल, वाउचर एवं भुगतान संबंधी अभिलेखों को स्पष्ट रूप से सार्वजनिक कराने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करता है।
रिपोर्टर : अर्जुन तिवारी
No Previous Comments found.